चांडिल/ Vikash Thakur सरायकेला- खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र स्थित लाकड़ी गांव के मालीकोचा टोला में जमीन विवाद ने रविवार देर रात एक बड़ी वारदात का रूप ले लिया. यहां 35 वर्षीय सोनू मांझी की हत्या कर उसका शव पास के जंगल में फेंक दिया गया. घटना लगभग रात 10 बजे की बताई जा रही है.

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जमीन को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा था. परिजन इस हत्या के पीछे उसी पुरानी रंजिश की आशंका जता रहे हैं. हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वारदात को अंजाम किसने दिया और किस परिस्थिति में हत्या हुई.

सूचना मिलते ही नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का मुआयना किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया. देर रात हुई इस हत्या से पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है.
पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी की दिशा में कार्रवाई करने की बात कही है.

