सरायकेला: जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत हेसाकोचा पंचायत के उन गांवों में, जहां पूर्व में अवैध अफीम की खेती की गई थी, अब पुलिस ने ड्रोन के माध्यम से निगरानी शुरू कर दी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन इलाकों में पहले की गई अवैध खेती को पुलिस एवं ग्रामीणों द्वारा संयुक्त रूप से नष्ट किया गया था. अब यह सुनिश्चित करने के लिए कि पुनः अफीम की खेती न हो, जिला पुलिस एवं SSB मतकमडीह की कंपनी के साथ मिलकर एक विशेष ड्रोन सर्विलांस अभियान चलाया गया है.

इस दौरान ड्रोन के जरिए जंगली इलाकों, पहाड़ी किनारों और खेतों की बारीकी से जांच की गई. सत्यापन में यह पाया गया कि जिन खेतों में पहले अफीम की खेती होती थी, उनमें अब किसानों ने धान और दलहन की फसलें लगाई हैं. कुछ खेतों में आलू, सरसों और गेहूं की बुवाई की तैयारी भी चल रही है, जबकि कई खेत अभी भी परती हैं.
पुलिस ने बताया कि इस प्रकार का ड्रोन सर्च अभियान पूरे वर्ष निरंतर जारी रहेगा. सभी संभावित क्षेत्रों का भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा ताकि किसी भी स्तर पर अवैध गतिविधि को पनपने से रोका जा सके. जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी स्थान पर अवैध अफीम की खेती की जाती है, तो खेती करने वाले किसानों और सहयोगियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अभियान के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को जागरूक भी किया और उन्हें अफीम की खेती छोड़कर वैकल्पिक फसलों की ओर रुख करने के लिए प्रेरित किया.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
