सरायकेला: सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, एसीएमओ डॉ. जुझार मांझी, डीआरसीएचओ, सभी एमओआईसी, डीपीएम, बीपीएम एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे.

बैठक में उपायुक्त ने सदर अस्पताल सहित सभी अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने कहा कि उपलब्ध उपकरणों और मानवबल का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो, ताकि आमजन को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने टीकाकरण कार्यक्रम, स्वास्थ्य जांच शिविर, मातृ- शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, पोषण अभियान और रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहां योजनाओं का क्रियान्वयन धीमा है, वहां संबंधित एमओआईसी कार्ययोजना बनाकर सुधारात्मक कदम उठाएं. किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर जिला स्तर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने एमओआईसी को उप स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और लोक- प्रदर्शन सूचकांक में पिछड़ रहे उपकेंद्रों को चिन्हित कर शत- प्रतिशत योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए. उपायुक्त ने यह भी कहा कि जिले के सभी निजी नर्सिंग होम जहां प्रसव होते हैं, वहां से टीकाकरण संबंधित आंकड़े संकलित कर जिला रिपोर्ट में शामिल किया जाए, जिससे मातृ और शिशु टीकाकरण कवरेज का सटीक मूल्यांकन हो सके.
उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं की एएनसी 1- 4 से लेकर प्रसव तक सतत ट्रैकिंग सुनिश्चित करने को कहा. जिन नवजात शिशुओं का जन्म- वजन कम पाया जाता है, उन्हें समय पर एसएनसीयू में रेफर कर उचित चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराई जाए. स्वच्छता, हाइजीन उपकरणों का नियमित परीक्षण, ओपीडी सेवाओं की निरंतरता और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर भी विशेष जोर दिया गया.
अंत में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाएँ सीधे आम नागरिकों के जीवन से जुड़ी हैं, इसलिए सभी अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी अपनी जिम्मेदारियाँ निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निभाएं, ताकि जिले की जनता को बेहतर, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
