सरायकेला: शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया.

जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए नागरिकों ने अपनी शिकायतें और समस्याएं रखीं. उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए.
जनता दरबार के दौरान प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से साइबर धोखाधड़ी से संबंधित मामले, वृद्धा पेंशन योजना का लाभ एक वर्ष से लंबित रहने की शिकायत, राजनगर प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत निवासी दृष्टिबाधित दिव्यांग को जीविकोपार्जन हेतु की- बोर्ड उपलब्ध कराने की मांग, गम्हरिया एवं अन्य अंचलों में लंबित सक्सेशन- म्यूटेशन मामलों के निष्पादन, NMMS परीक्षा उत्तीर्ण छात्र को राष्ट्रीय बालिका छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्रदान कराने, तथा कुकड़ू प्रखंड के जानूम पंचायत अंतर्गत ग्राम खुदी लोंग में सड़क मरम्मती एवं जलमीनार निर्माण से संबंधित आवेदन शामिल थे.
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने राजनगर प्रखंड से आए दृष्टिबाधित दिव्यांग नागरिक से वार्ता की और उनसे सरकारी योजनाओं के तहत प्राप्त हो रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की. उपायुक्त ने दिव्यांगजन के जीविकोपार्जन हेतु की- बोर्ड उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया और इसके लिए संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए.
उपायुक्त के दिशा-निर्देश.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन सभी दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनके कल्याण के लिए निरंतर कार्यरत है. उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले की सभी यात्री बसों में दिव्यांगजनों के लिए सुगम, सुरक्षित एवं सम्मानजनक यात्रा सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी दृष्टिबाधित अथवा दिव्यांग व्यक्ति को देखकर कोई भी बस न रुके ऐसी शिकायत प्राप्त न हो, अन्यथा संबंधित परिवहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
