सरायकेला: नगर पंचायत सरायकेला के पूर्व उपाध्यक्ष सह समाजसेवी मनोज कुमार चौधरी ने गोपाष्टमी के अवसर पर अपने आवास पर भक्ति भाव से गौमाता का श्रृंगार, पूजन- अर्चन, प्रदक्षिणा और आरती कर क्षेत्रवासियों को गोपाष्टमी की शुभकामनाएं दीं.

इस अवसर पर श्री चौधरी ने कहा कि गौमाता में 33 कोटी देवी- देवताओं का वास है. पांचो गव्य अनमोल हैं और गौधन से बड़ा कोई धन नहीं. उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी का पावन पर्व जीवन पर्यंत उपयोगी है, जो गौमाता के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने, गोवंश के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने का दिन है. उन्होंने बताया कि गौसेवा के इस दिव्य क्षण में उन्हें आत्मिक शांति, सुख और आनंद की अनुपम अनुभूति हुई.
मनोज चौधरी ने कहा कि प्राचीन काल में भारतीय संस्कृति और परंपराओं में हर घर के आंगन में तुलसी का पौधा और गौवंश का पालन शुभता का प्रतीक माना जाता था. इसके पीछे धार्मिक, वास्तु और औषधीय कारण जुड़े हुए थे. गौमाता और तुलसी को देवी लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है. ऐसा विश्वास है कि इनके मात्र घर पर होने से नकारात्मकता का प्रभाव कम होता है और सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह परिवार में प्रेम, एकता, सुख- समृद्धि बनाए रखता है.
उन्होंने कहा कि वर्तमान बदलते परिवेश में हमारी सनातन संस्कृति को सबसे अधिक नुकसान हुआ है. अधिकतर लोग अपनी परंपराओं से दूर हो रहे हैं, जिसका प्रतिकूल असर मानसिक शांति, शारीरिक स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है.
मनोज चौधरी ने कहा कि जैसे- जैसे व्यक्ति गौसेवा करता जाता है, वैसे- वैसे यह अनुभव होता है कि गौमाता स्वयं उसकी सेवा कर रही हैं और जीवन के कष्टों को हरते हुए उसे अनेक खुशियों से भर रही हैं. उन्होंने कहा कि जब सेवा भावपूर्वक की जाती है, तो यह केवल कर्म नहीं रहता बल्कि एक आध्यात्मिक अनुभव बन जाता है. गौसेवा से बड़ा कोई पुण्य नहीं. उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति इसका अनुभव करेगा, उसके जीवन में परिवर्तन स्वाभाविक रूप से आएगा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
