सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत में नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण के साथ नई टीम का औपचारिक आगाज हो गया. समारोह में नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी समेत सभी 11 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई.


शपथ ग्रहण समारोह में नीतीश कुमार सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलाई. इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उम्मीद का माहौल देखने को मिला.
नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, पारदर्शिता और जनता के हित में करने का संकल्प लिया. उपायुक्त ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना जनप्रतिनिधियों की पहली जिम्मेदारी है.
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए कार्य करना आवश्यक है. साथ ही पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से आम लोगों का विश्वास जीतना भी जरूरी है.
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे. शपथ ग्रहण के बाद नगर पंचायत में विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. बताया गया कि शपथ ग्रहण के बाद उपाध्यक्ष पद के लिए भी मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी.

