सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत क्षेत्र में गुरुवार को स्वच्छ भारत मिशन शहरी के तहत स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया. नगर पंचायत और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के संयुक्त प्रयास से पूरे नगर क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया, जिसका नेतृत्व नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी समीर बोदरा ने किया.

अभियान के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छता का संकल्प लिया और नगर क्षेत्र को स्वच्छ बनाने के लिए एकजुट हुए. स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें अपने क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करना है. नगर क्षेत्र में नियमित सफाई अभियान चलाया जाएगा तथा नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. कचरे के उचित प्रबंधन के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे.
कार्यपालक पदाधिकारी समीर बोदरा ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य सरायकेला को स्वच्छ और स्वस्थ बनाना है. उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है. सभी नागरिकों से अनुरोध किया गया कि वे अपने क्षेत्र को स्वच्छ रखने और जागरूकता बढ़ाने में सहयोग दें.
इस अवसर पर नगर पंचायत के सिटी मैनेजर सुमित सुमन, बबन कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में स्कूल के छात्र-छात्राएं और नगर पंचायत तथा पेयजल स्वच्छता विभाग के कर्मी मौजूद थे.
देखें video

