सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में खरसावां विधायक दशरथ गागराई गुरुवार को सरायकेला पहुंचे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक में चुनावी तैयारी, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई.

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने मनोज कुमार चौधरी को नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए समर्थित उम्मीदवार घोषित किया है. उन्होंने दावा किया कि इस बार मनोज कुमार चौधरी भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे.
विधायक ने कहा कि कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और जनता का समर्थन लगातार मिल रहा है. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर मजबूती के साथ सक्रिय रहने और घर-घर संपर्क कर झामुमो समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में माहौल बनाने की अपील की.
उन्होंने कहा कि संगठित प्रयास और मजबूत बूथ प्रबंधन के दम पर जीत सुनिश्चित की जाएगी. बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे. चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं.

