सरायकेला/ Pramod Singh आगामी 23 फरवरी को निर्धारित नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हो गया है. चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मुकेश कुमार लुणायत ने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की विशेष ब्रीफिंग की. इस दौरान उन्होंने चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त दिशा-निर्देश देते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया.

ब्रीफिंग के दौरान एसपी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है. ऐसे में पुलिस बल की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी अपने- अपने ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचें, सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें. चुनाव के दौरान संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.
एसपी ने स्पष्ट किया कि मतदान के दिन किसी भी प्रकार की अफवाह, गड़बड़ी, अवैध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यदि कोई भी व्यक्ति चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने या माहौल बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सभी पुलिस पदाधिकारी निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं और किसी भी दबाव में आए बिना कानून के दायरे में रहकर कार्य करें.

ब्रीफिंग में यह भी निर्देश दिया गया कि बूथों पर तैनात पुलिसकर्मी मतदाताओं के साथ संयमित एवं शालीन व्यवहार रखें ताकि लोग निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें. महिला मतदाताओं की सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया. साथ ही पेट्रोलिंग दलों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया.
एसपी ने अधिकारियों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने को कहा और स्पष्ट किया कि पुलिस की भूमिका पूरी तरह तटस्थ और कानूनसम्मत होनी चाहिए. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
चुनाव के मद्देनजर जिले भर में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है. प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में गश्ती बढ़ा दी गई है. पुलिस प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी सक्रिय रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके.
ब्रीफिंग के अंत में एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने सभी पदाधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि पुलिस की सतर्कता और सजगता से ही जिले में शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित होगा. 23 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है. सख्त सुरक्षा व्यवस्था और स्पष्ट निर्देशों के बीच यह उम्मीद जताई जा रही है कि सरायकेला-खरसावां में लोकतंत्र का यह पर्व शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न होगा.

