सरायकेला/ Pramod Singh जिले में आगामी नगर निकाय चुनाव के सफल आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं. जिला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर कुल 13 कोषांग का गठन किया गया है, ताकि पूरे चुनावी प्रक्रिया का संचालन व्यवस्थित और सुचारू रूप से किया जा सके. सभी कोषांग में संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति भी कर दी गई है.

गठित कोषांगों में निर्वाचन कोषांग, कार्मिक कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग, सामग्री कोषांग, परिवहन कोषांग, विधि व्यवस्था-सह-आचार संहिता कोषांग, हेल्पलाइन एवं जन शिकायत कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, मीडिया कोषांग, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण कोषांग, सूचना तकनीकी कोषांग और जिला नियंत्रण कक्ष कोषांग शामिल हैं.
निर्वाचन कोषांग की जिम्मेदारी उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव और अन्य अधिकारियों को सौंपी गई है. इसी प्रकार जिला कार्मिक कोषांग का नेतृत्व अपर उपायुक्त जयवर्द्धन कुमार कर रहे हैं. मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग और सामग्री कोषांग का संचालन काशी साहु कॉलेज परिसर से किया जाएगा.
परिवहन कोषांग की कमान जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो के हाथों में है, जबकि विधि व्यवस्था और आचार संहिता कोषांग का नेतृत्व अपर उपायुक्त जयवर्द्धन कुमार कर रहे हैं. हेल्पलाइन और जन शिकायत कोषांग की जिम्मेदारी उप विकास आयुक्त रीना हांसदा को दी गई है.
प्रेक्षक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, मीडिया कोषांग और सूचना तकनीकी कोषांग में भी संबंधित अनुभवी अधिकारियों की तैनाती की गई है. नियंत्रण कक्ष जिला सहकारिता कार्यालय के नए भवन में स्थापित किया गया है, जहां चुनावी व्यवस्थाओं की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी.
जिला प्रशासन के अनुसार तीनों नगर निकाय क्षेत्रों में बूथों का निर्धारण कर दिया गया है. जिले के 67 वार्डों में कुल 180 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,84,416 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 91,658 महिला मतदाता, 92,758 पुरुष मतदाता और 2 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं.
जिला प्रशासन का कहना है कि सभी कोषांग चुनाव प्रक्रिया को सफल और शांतिपूर्ण बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करेंगे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
