सरायकेला: जिले में अवैध पत्थर उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर मंगलवार को चांडिल थाना क्षेत्र के मौजा चिल्गु और मौजा करनीडीह में सघन औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया.
यह संयुक्त कार्रवाई जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी, क्षेत्रीय प्रदूषण पदाधिकारी, अंचलाधिकारी चांडिल तथा चांडिल थाना पुलिस के नेतृत्व में की गई.

निरीक्षण के दौरान मौजा चिलगु में एक अवैध पत्थर खदान पाई गई, जबकि इसके आसपास छह अवैध क्रशर इकाइयां संचालित मिलीं. प्रशासन ने अवैध खदान और क्रशर इकाइयों में उत्खनित व भंडारित पत्थर खनिज को विधिवत जप्त कर स्थानीय पुलिस को सुपुर्द किया. इस मामले में भूमि स्वामी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध चांडिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं प्रदूषण विभाग द्वारा भी संबंधित अधिनियमों के तहत विभागीय कार्रवाई की जा रही है.

निरीक्षण के क्रम में क्षेत्र में स्थित पांच ईंट भट्टा इकाइयों की भी जांच की गई, जिनमें तीन संचालित और दो बंद पाई गईं. संचालित ईंट भट्टों से खनन विभाग द्वारा नियमानुसार जुर्माना वसूला गया, जबकि प्रदूषण विभाग की कार्रवाई जारी है.

उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संपत्ति जप्ती सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जिला खनन पदाधिकारी ने भी बताया कि अवैध खनन पर रोक के लिए ऐसे संयुक्त प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.

