सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित उम्मीदवार मनोज कुमार चौधरी मंगलवार को नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे. नामांकन प्रक्रिया उपायुक्त कार्यालय स्थित निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में पूरी की जाएगी.

जानकारी के अनुसार सुबह 9:30 बजे जेल रोड स्थित बजरंग चौक से जुलूस निकाला जाएगा. यह जुलूस पुराना बस स्टैंड, कालूराम चौक और संजय चौक होते हुए गैराज मार्ग से होकर निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय पहुंचेगा, जहां नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया जाएगा.
मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि वह सामाजिक कार्यों को लेकर जनता के बीच आए हैं और उन्हें विश्वास है कि जनता भारी मतों से आशीर्वाद देकर विजयी बनाएगी. उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा सरायकेला के विकास के लिए कार्य किया है और आगे भी विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगे.
उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग केवल वादे करते हैं, जबकि उन्होंने कार्य कर दिखाया है. उन्होंने कहा कि सरायकेला की संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा देने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में भी निरंतर काम किया गया है और आगे भी किया जाएगा.
इस मौके पर जिला अध्यक्ष, सरायकेला नगर इकाई के जिला उपाध्यक्ष भोला मोहंती, नगर अध्यक्ष शंभू आचार्य सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे. मनोज कुमार चौधरी ने सरायकेला वासियों से अपील की है कि वे नामांकन रैली में शामिल होकर विकास के लिए अपना समर्थन दें.

