सरायकेला- नगर पंचायत के नव निर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ शनिवार को बैठक की. बैठक में कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता मौजूद रहे. बैठक के दौरान शहर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए.

अध्यक्ष मनोज चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 30 दिनों के भीतर मेन लाइन और सर्विस लाइन के आसपास मौजूद सभी पेड़ों की कटाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बिजली आपूर्ति में बाधा न आए.

उन्होंने पीएसएस सेंटर की साफ- सफाई कराने, खराब ब्रेकर बदलने, ओपन मेन 11000/ 33000 और सर्विस लाइन के नीचे ट्रे लगाने तथा हर मोहल्ले में लोड के अनुसार ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश भी दिए. इसके साथ ही एबी स्विच को 15 दिनों के भीतर लगाने और बरसात के दौरान नदी में डूबने वाले पोल को सुरक्षित स्थान पर स्थापित करने को कहा.
बैठक में मीटर रीडिंग की नियमित व्यवस्था, ट्रांसफार्मर के आसपास साफ-सफाई, शहर के इलेक्ट्रिक पोलों पर लटकते तारों और झाड़- झंखाड़ को हटाने तथा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया. इसके अलावा उलीझाड़ी और खरसावां की बिजली लाइन को हमेशा दुरुस्त रखने की बात कही गई. बैठक के बाद मनोज चौधरी ने विभागीय अभियंताओं के साथ पीएसएस का निरीक्षण भी किया.
इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भोला मोहंती, नगर अध्यक्ष शंभू आचार्य, सौरभ साहू, उमेश भोल, मनोज सिंह और सूरज सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.

