सरायकेला/ Pramod Singh मंगलवार को महाअष्टमी के अवसर पर सरायकेला नगर के पंडालों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. मां दुर्गा की अलौकिक छवि और आकर्षक सजावट से सजे पंडालों में भक्तों का आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा.

पब्लिक दुर्गा मंदिर में विगत 350 वर्षों से तांत्रिक मत के अनुसार मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जाती है. परंपरागत विधि- विधान से आयोजित इस पूजा में श्रद्धालुओं की विशेष आस्था और विश्वास देखने को मिला. यहां दर्शन और पूजा के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं.

वहीं सरकारी दुर्गा मंदिर में सरायकेला एसडीओ निवेदिता नियति और कार्यपालक दंडाधिकारी सत्येंद्र कुमार महतो ने जजमान के रूप में विशेष पूजा- अर्चना की. उन्होंने मां दुर्गा के समक्ष नगर की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की.
पूजा को लेकर सरायकेला नगर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया है. पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. शहर के चिन्हित स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके.
देखें video
पूरे नगर को दुर्गा पूजा महोत्सव के अवसर पर दुल्हन की तरह सजाया गया है. आकर्षक पंडाल निर्माण और मनमोहक सजावट ने शहर की रौनक बढ़ा दी है.

