सरायकेला/ Pramod Singh जिले की लाइसेंस प्राप्त शराब दुकानों में नियमों की खुलेआम अनदेखी के मामले अब सामने आने लगे हैं. हैरानी की बात ये है कि विभाग का ध्यान इस ओर न होकर अवैध महुआ शराब भट्ठियों पर है. जिले के कामोवेश सभी सरकारी लाइसेंसी शारब दुकानों में ओवर प्राइसिंग के साथ- साथ नकली शराब भी बेची जा रही है. दुकान के कर्मियों द्वारा अधिक दाम वसूलने और संदिग्ध शराब बिक्री को लेकर स्थानीय उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब और बीयर की बिक्री पर प्रिंट रेट से अधिक वसूली की जा रही है. बीयर की प्रति बोतल पर लगभग 10 रुपये, व्हिस्की के क्वार्टर पर 10 रुपये, हाफ पर 20 रुपये और फूल बोतल पर 40 रुपये तक अधिक वसूली की जा रही है. आरोप है कि इस अवैध ओवर प्राइसिंग के माध्यम से प्रतिदिन जिले में लगभग 5 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वसूली की जा रही है. जिसमें विभाग के अधिकारियों तक मैनेज किया जा रहा है.
यह भी आरोप लगाया गया है कि दुकानों पर ऑनलाइन पेमेंट लेने के बावजूद अधिक दाम वसूले जा रहे हैं और ग्राहकों को कोई बिल नहीं दिया जा रहा है. इससे उपभोक्ताओं के पास शिकायत का ठोस प्रमाण भी नहीं रह जाता है. लोगों का कहना है कि इस तरीके से नियमों को खुलेआम ताक पर रखा जा रहा है.
नकली शराब की बिक्री को लेकर भी गंभीर आरोप सामने आए हैं. सूत्रों के अनुसार कुछ शराब की बोतलों में मिलावट कर फिर से उन्हें बेचने की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि इस तरह की शिकायतें खासकर हाफ और क्वार्टर बोतलों में अधिक सामने आई हैं. जिन ब्रांडों में मिलावट की शिकायत मिल रही है, उनमें आरएस, ब्लेंडर्स प्राइड और इम्पीरियल ब्लू प्रमुख बताए जा रहे हैं.
ओवर प्राइसिंग और नकली शराब बिक्री की शिकायतें कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों से की गई हैं, लेकिन अब तक दुकानों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही जांच और कार्रवाई नहीं की गई तो यह जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ साबित हो सकता है. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग से पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. आपको याद दिला दें कि पिछले दिनों कांड्रा में अंग्रेजी नकली शारब की बड़ी खेप पकड़ी गई थी. गुरुवार को गम्हरिया के गांजिया में मिनी शराब की फैक्ट्री का उद्भभेदन हुआ था जिसमें बड़े पैमाने पर नकली अंग्रेजी शराब के ब्रांड्स की बोतले और रैपर बरामद हुए थे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
