सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय एक दिवसीय जीवनांक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का शुभारंभ उपायुक्त, अपर उपायुक्त एवं जिला सांख्यिकी पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया.

प्रशिक्षण के दौरान राज्य एवं जिला स्तर के प्रशिक्षकों द्वारा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गमन से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों, पंजीकरण प्रक्रिया, निर्धारित समय- सीमा, लाभ तथा व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई. इस दौरान विभिन्न पदाधिकारियों द्वारा उठाए गए प्रश्नों और शंकाओं का समाधान नियमों एवं तथ्यों के आधार पर किया गया.

कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में निर्गत होने वाले सभी जन्म प्रमाण पत्रों की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पोर्टल पर सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी.
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में संचालित सभी अपंजीकृत शासकीय एवं निजी अस्पतालों का शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए. साथ ही निजी अस्पतालों से संबंधित जन्म एवं मृत्यु के आंकड़ों का नियमित, सत्यापित एवं अद्यतन संधारण अनिवार्य रूप से किया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गमन की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य है. साथ ही प्रखंड एवं क्षेत्र स्तर पर उत्पन्न समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया.
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा.
कार्यशाला में जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल स्तर के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.

