सरायकेला/ Pramod Singh जिले के गम्हरिया स्थित आदर्श नगर आंगनवाड़ी केंद्र में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना था.

यह कार्यक्रम झारखंड स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सरायकेला-खरसावां रामाशंकर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया.
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल अंबिका चरण पाणि ने महिलाओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर महिलाएं किन संस्थाओं और अधिकारियों से संपर्क कर सकती हैं और उन्हें किस प्रकार निःशुल्क कानूनी सहायता मिलती है.
उन्होंने लीगल सर्विसेज अथॉरिटीज एक्ट 1987 की धारा 12 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत महिलाओं सहित पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान की जाती है. इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं का राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है और आज महिलाएं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं. उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और आसपास की अन्य महिलाओं को भी जागरूक करें, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें.
कार्यक्रम में पैरा लीगल वालंटियर्स भी उपस्थित रहे, जिन्होंने जागरूकता फैलाने में सहयोग किया. साथ ही बताया गया कि ब्लॉक और पंचायत स्तर पर समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. इस अवसर पर स्थानीय महिलाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और समुदाय के अन्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे.

