सरायकेला: आदित्यपुर के इमली चौक में शनिवार को ऑल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन सेंटर (AIUTUC), आदित्यपुर के बैनर तले केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चार नए श्रम संहिताओं के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम में मजदूर नेताओं और स्थानीय श्रमिकों ने बड़ी संख्या में शिरकत की और नए श्रम कोड को श्रमिक विरोधी बताते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई.

मुख्य वक्ता मजदूर नेता विष्णु देव गिरी ने कहा कि नए श्रम कोड पूरी तरह से ‘पूंजीपतियों के हित’ में बनाए गए हैं और यह श्रमिकों के मौलिक अधिकारों को कमजोर करते हैं. उन्होंने कहा कि श्रम कानूनों में किए गए बदलाव मजदूरों की सुरक्षा, अधिकार और स्थायित्व पर सीधा हमला है.
नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए लिली दास ने बताया कि 300 श्रमिकों तक की कंपनियों को सरकारी अनुमति के बिना छंटनी करने की छूट देना मजदूरों की नौकरी की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है. इसके अलावा हड़ताल से पहले 60 दिन की लम्बी नोटिस अवधि अनिवार्य करना मजदूरों से उनके अंतिम विरोध के अधिकार को भी छीन लेने जैसा है.
उन्होंने कहा कि नए कोड ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा देते हैं, जिससे स्थायी नौकरियों को ठेका आधारित रोजगार में बदला जा सकेगा और इससे श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा खत्म हो जाएगी. कार्यक्रम को सफल बनाने में बिपिन मंडल, विशाल बर्मन, आशीष धर, धनंजय सिंह, रणजीत ठाकुर, अशोक सिंह, गौतम महतो, राजू कुमार, नारायण गिरी सहित कई साथियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
