सरायकेला/ Pramod Singh श्री कृष्ण जन्माष्टमी पूजा सह मेला समिति द्वारा क्षेत्रीय गौड़ समाज महालिमोरूप के तत्वावधान में सरायकेला के जगन्नाथपुर स्थित रांगाटांड मैदान में पांच दिवसीय जन्माष्टमी पूजा सह मेला का भव्य आयोजन किया गया है.

पूजा के दूसरे दिन रविवार शाम को समिति द्वारा सम्मान समारोह आयोजित कर क्षेत्र के मेधावी छात्र- छात्राओं को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि गौड़ सेवा संघ के महासचिव पितोवास प्रधान ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत कर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए. उन्होंने आश्वासन दिया कि उच्च शिक्षा हेतु समाज हरसंभव सहयोग करेगा. विशिष्ट अतिथि पंचायत समिति सदस्य अनीता प्रधान ने भी मेधावी छात्रों को समाज का नाम रौशन करने की प्रेरणा दी.
सम्मानित होने वालों में चंदन प्रधान, भगत प्रधान, बसंत प्रधान, मौसमी प्रधान, खुशबू प्रधान, राजकुमारी प्रधान, विवेकानंद प्रधान और सुशांत प्रधान शामिल रहे. कार्यक्रम में सीनी ओपी के एएसआई भागवत उरांव, काशीनाथ प्रधान और हेमसागर प्रधान ने भी संबोधित कर छात्रों का उत्साह बढ़ाया. अतिथियों ने जन्माष्टमी मेला का फीता काटकर उद्घाटन भी किया.
इसके पश्चात दिवंगत अध्यक्ष नीलसेन प्रधान को श्रद्धांजलि दी गई. उपस्थित अतिथियों और समाज के गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा और आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.

