कांड्रा (Bipin Varshney) मंगलवार सुबह कोलाबीरा के बिरबांस स्टेशन के समीप ट्रेन से कटकर एक 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक के पास से बरामद आधार कार्ड और पैन कार्ड के आधार पर उसकी शिनाख्त कांड्रा के धातकीडीह ग्राम निवासी बंकिम चंद्र महतो के पुत्र शांतिराम महतो के रूप में हुई.

सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर लाश देखी. उसके बाद रेल पुलिस के साथ- साथ सरायकेला पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई. मृतक की शिनाख्त होने के पश्चात परिजनों को भी सूचित किया गया. परिजनों के मुताबिक सोमवार सुबह वह घर से निकला था, लेकिन लौटकर वापस नहीं आया. इसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन आरंभ की और सभी संभावित ठिकानों में उसकी तलाश की, मगर कहीं पता नहीं चला. इधर शांतिराम की मौत की खबर पाते ही उसके घर में मातम छा गया. वह कैसे और किस तरह रेलवे ट्रैक पर पहुंचा इसे लेकर विभिन्न तरह की आशंकाएं व्यक्त की जा रही थी. फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है.

