गम्हरिया: सरायकेला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोमवार को गम्हरिया में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया. यह अभियान प्रशिक्षु डीएसपी पूजा कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें ट्रैफिक इंस्पेक्टर तथा गमहरिया थाना प्रभारी की भी सक्रिय उपस्थिति रही.

यह जागरूकता कार्यक्रम गम्हरिया स्थित टीजीएस परिसर में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत आयोजित किया गया. इस दौरान आम नागरिकों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई.
प्रशिक्षु डीएसपी पूजा कुमार ने लोगों को बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन नहीं चलाने की अपील की.

कार्यक्रम के दौरान Good Samaritan Law की भी जानकारी दी गई. लोगों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नेक नागरिकों को किसी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता है, बल्कि उनकी भूमिका सराहनीय होती है. ट्रैफिक इंस्पेक्टर और गमहरिया थाना प्रभारी ने भी सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों और सावधानियों पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि छोटी- छोटी लापरवाहियां भी बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं, इसलिए सभी को जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभानी चाहिए. पुलिस प्रशासन ने बताया कि इस तरह के जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके.

