सरायकेला/ Pramod Singh जिला कृषि विभाग की ओर से गुरुवार को आत्मा कार्यालय में जिला स्तरीय खरीफ कर्मशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा और जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नील कमल ने किया.

इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को सही समय पर बीज, खाद और कृषि से संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है. जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नील कमल ने बताया कि कर्मशाला का उद्देश्य किसानों को खरीफ फसल आच्छादन के लक्ष्य से अवगत कराना और उन्हें नवीनतम कृषि तकनीकों, अवधारणाओं और पद्धतियों की जानकारी देना है.
कार्यशाला के दौरान प्रखंड कृषि पदाधिकारी, तकनीकी प्रबंधक, कृषक मित्र और प्रगतिशील किसानों को समेकित कृषि पद्धति की नई तकनीकों से अवगत कराया गया. तकनीकी सत्र में संबद्ध विभागों के पदाधिकारियों ने भी अपनी योजनाओं की जानकारी साझा की.
विजय कुजूर ने बताया कि जिले में 1 लाख हेक्टेयर भूमि में धान की खेती का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से अब तक 90 प्रतिशत धान की रोपाई पूरी कर ली गई है. वहीं जिला कृषि पदाधिकारी ने सभी प्रखंड अधिकारियों और जनसेवकों को गांव-गांव जाकर किसानों से मिलने और उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने की नसीहत दी.

