सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को खरकई नदी के कुदरसाई घाट में स्नान कर दीप प्रज्वलित किया और श्रद्धा पूर्वक उसे नदी की धारा में प्रवाहित किया. इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को कार्तिक पूर्णिमा, बइतो बंदाणो एवं देव दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं.

मनोज चौधरी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं केवल धार्मिक नहीं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टि से भी जीवन को स्वस्थ और संतुलित बनाने वाली हैं. कार्तिक पूर्णिमा का महापर्व केवल चंद्रमा की पूर्णता का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह भगवान शिव और विष्णु की संयुक्त आराधना का भी अवसर है.
उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन नदी या जलाशय में स्नान करने से पापों का नाश और आत्मा की शुद्धि होती है. यह दिन आत्मचिंतन, संयम और सत्वगुणों को अपनाने का प्रतीक है. मनोज चौधरी ने लोगों से अपने भीतर के अंधकार को दूर कर ज्ञान की ज्योति को अपनाने की अपील की. साथ ही गुरुजनों और परमात्मा के चरणों में नमन कर सभी के कल्याण और समृद्धि की कामना की.
video

