चांडिल/ Afroz Mallik

कपाली नगर परिषद क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो गई है. क्षेत्र के कई इलाकों में सरकारी सप्लाई पानी चालू होते ही पाइपलाइन टूट जाने के कारण रोजाना हजारों लीटर पानी सड़क और झाड़ियों पर बह जाता है. इस कारण सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनी रहती है और लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद द्वारा नाली निर्माण के दौरान कई स्थानों पर पेयजल पाइप क्षतिग्रस्त हो गए थे, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत नहीं की गई है.
इसके चलते पानी की बर्बादी के साथ-साथ जर्जर सड़कों पर फिसलन और कीचड़ की समस्या गंभीर होती जा रही है. जलजमाव से गुजरना क्षेत्रवासियों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है. खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे रोजाना इस समस्या से जूझ रहे हैं. आने- जाने के दौरान गिरने और चोट लगने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं.

लोगों ने बताया कि कई बार नगर परिषद प्रशासन को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. एक ओर कपाली में पानी की किल्लत की खबरें आती हैं, वहीं दूसरी ओर हजारों लीटर पानी हर दिन सड़क पर बह रहा है. यह न केवल संसाधनों की बर्बादी है बल्कि प्रशासन की नाकामी का जीता-जागता उदाहरण भी है.
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त पाइपों की मरम्मत कराई जाए और बर्बाद हो रहे पानी को रोका जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके.

