सरायकेला. जिले भर के जेएसएलपीएस कर्मी अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर 21 नवंबर से सरायकेला ब्लॉक परिसर स्थित जेएसएलपीएस कार्यालय में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं. मंगलवार को हड़ताल का चौथा दिन रहा और कर्मियों ने स्पष्ट किया कि मांगे पूरी होने तक वे काम पर नहीं लौटेंगे.

कर्मियों की प्रमुख मांगों में एनएमएमयू एचआर पॉलिसी लागू करना, 10 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि लागू करना, वरीयता के आधार पर आंतरिक पदोन्नति, गृह जिला या निकटतम प्रखंड एवं जिले में पदस्थापन तथा जेएसएलपीएस को सोसाइटी एक्ट से मुक्त कर राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग शामिल है.

कर्मियों का कहना है कि वे लंबे समय से इन मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक किसी स्तर पर सुनवाई नहीं हुई है. उनका कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. कर्मियों की हड़ताल से कई योजनाओं का संचालन भी प्रभावित हो रहा है.

