सरायकेला/ Pramod Singh केंद्र सरकार के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 30 सितंबर तक वित्तीय समावेशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से देशभर में अभियान चलाया जा रहा है.

इसी कड़ी में झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक सरायकेला शाखा द्वारा ग्राम पंचायत गोविंदपुर में वित्तीय समावेशन शिविर का आयोजन किया गया.
शिविर में ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने, खाता खोलने और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और अटल पेंशन योजना (APY) की जानकारी दी गई. इस अवसर पर शाखा प्रबंधक लक्ष्मी साहू, जिला अग्रणी प्रबंधक वरुण चौधरी और वित्तीय साक्षरता समन्वयक श्रीमती केशवती महतो उपस्थित रहीं. शिविर में शाखा प्रबंधक लक्ष्मी साहू द्वारा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत लाभुक भीम माझी, ग्राम भुरकुली को दो लाख रुपये तथा रेणुका महतो, ग्राम भुरकुली को भी दो लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया. इस अवसर पर ग्रामीणों ने बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह वित्तीय सुरक्षा और जागरूकता के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कदम है. बैंक द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ना और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना था. ऐसे शिविरों के माध्यम से बैंक न केवल वित्तीय समावेशन को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि ग्रामीणों को आत्मनिर्भर और सुरक्षित भविष्य की दिशा में मार्गदर्शन भी कर रहा है.

