सरायकेला/ Pramod Singh जिले में जर्जर सड़कों के बावजूद टोल वसूली किए जाने के विरोध में विधायक प्रतिनिधि सनंद कुमार आचार्य ने शनिवार को जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो एवं पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता अशोक रजक से मुलाकात की. विधायक प्रतिनिधि ने स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक जेआरडीसीएल द्वारा सड़कों की मरम्मत कर उन्हें दुरुस्त नहीं किया जाता है, तब तक टोल वसूली किसी भी हाल में नहीं होने दी जाएगी.

उन्होंने बताया कि जिले से होकर गुजरने वाले तीनों टोल प्लाजा सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं. इन सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. इसके बावजूद आरसीडी द्वारा लगातार टोल वसूली की जा रही है, जो आम जनता के साथ अन्याय है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रतिनिधि ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक चंपई सोरेन से भी दूरभाष पर पदाधिकारियों की बात कराई. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने कड़ी आपत्ति जताते हुए जेआरडीसीएल को अविलंब सड़कों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया.
वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो ने जेआरडीसीएल के पदाधिकारियों को तत्काल सड़क मरम्मत कार्य शुरू करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस मामले में लापरवाही बरती गई तो संबंधित एजेंसी को टोल वसूली से रोक दिया जाएगा. फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.

