सरायकेला: केंद्र सरकार द्वारा संसद में पेश किए गए कथित 130वें संविधान संशोधन विधेयक के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमिटी सरायकेला- खरसावां ने रविवार को सरायकेला मुख्यालय स्थित गैरेज चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने की.

उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठे हुक्मरानों की यह साज़िश झारखंड की आत्मा और झारखंडी अस्मिता पर सीधा हमला है. यह विधेयक राज्य की चुनी हुई सरकार को बर्खास्त करने का हथियार है, जो भगवान बिरसा मुंडा और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष का अपमान है.
डॉ. महतो ने कहा कि जब से हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झामुमो की सरकार बनी है, दिल्ली वालों को यह रास नहीं आ रहा है क्योंकि यह सरकार जल, जंगल और ज़मीन के अधिकारों की रक्षा कर रही है तथा 1932 के खतियान आधारित नीति पर काम कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी मैदान में जीत नहीं सकी, इसलिए एजेंसियों का दुरुपयोग और विधायकों की खरीद- फरोख्त कर सरकार गिराने का प्रयास कर रही है. अब इस असंवैधानिक विधेयक के जरिए तानाशाही थोपने की कोशिश की जा रही है.
उन्होंने कहा कि यह हमला केवल झामुमो पर नहीं बल्कि झारखंड की जनता के जनादेश पर है. उन्होंने जनता से अपील की कि वे एकजुट होकर इस साज़िश का मुकाबला करें. इस मौके पर झामुमो के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिनमें गणेश माहली, गणेश चौधरी, बैद्यनाथ टुडू, बिशु हेंब्रम, भूंडा बेसरा, भोला मोहंती, कृष्णा महतो सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.

