सरायकेला/ Pramod Singh आकांक्षी प्रखंड सरायकेला में जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत बुधवार को विश्व प्लंबर दिवस मनाया गया. इस अवसर पर जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता और प्लंबरों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई. कार्यक्रम में क्षेत्र के प्लंबरों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया.

प्रखंड सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी यस्मिता सिंह ने की.
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जल हमारे जीवन का अमूल्य संसाधन है और इसके संरक्षण के साथ- साथ सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि जल संसाधनों के संरक्षण और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में प्लंबरों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है.
कार्यक्रम के दौरान कनीय अभियंता मंगल सिंह और आकांक्षी प्रखंड की प्रतिनिधि प्रीति सिन्हा ने जल प्रबंधन, सुरक्षित पेयजल की आवश्यकता और जल गुणवत्ता की नियमित जांच के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी.
इस मौके पर मास्टर जल सहिया के माध्यम से पानी की गुणवत्ता की जांच का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिससे उपस्थित लोगों को जल जांच की प्रक्रिया के बारे में जानकारी मिली.
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्र के प्लंबरों को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया. उन्हें प्रमाण पत्र, शॉल और टूल किट प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई. इस अवसर पर ब्लॉक वाश कोऑर्डिनेटर संदीप पडिहारी, प्रखंड के सभी मुखिया, पंचायत सचिव, जल सहिया और कई प्लंबर उपस्थित रहे. कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया.

