सरायकेला/ Pramod Singh आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह की तैयारी को लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई.

बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, निदेशक डीआरडीए डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित सभी विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे. उपायुक्त ने समारोह को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपे और कहा कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं. उपायुक्त ने बताया कि जिला स्तरीय मुख्य समारोह बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित होगा. बैठक में समारोह स्थल की साफ-सफाई, सजावट, सुरक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों का सम्मान, आमंत्रण पत्र छपाई व वितरण सहित सभी तैयारियों की समीक्षा की गई. पुलिस विभाग को सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया. चिकित्सा दल और अग्निशमन दल को पूरी तैयारी के साथ उपस्थित रहने को कहा गया. परेड का पूर्वाभ्यास 11, 12 और 13 अगस्त को होगा, जबकि फाइनल रिहर्सल 13 अगस्त को होगी. उपायुक्त ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों के नाम 10 अगस्त तक डीआरडीए कार्यालय को भेजे जाएं. साथ ही पीएचईडी, नगर परिषद, स्वास्थ्य, विद्युत, परिवहन समेत सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समारोह स्थल पर पेयजल, शौचालय, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो.

