सरायकेला : सरायकेला-खरसावां मुख्य मार्ग पर खापरसाई गोविंदपुर पुलिया पर रविवार की देर शाम एक सड़क दुर्घटना में 18 वर्षीय राजू मेलगांडी की मौत हो गई, जबकि उसके जीजा का भाई 24 वर्षीय शिवा उर्फ सोनू सोय गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना रविवार की रात करीब 8:00 बजे की बताई जाती है.

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि धनबाद निवासी राजू मेलगांडी अपनी बहन के घर खरसावां के मादरुसाई आया हुआ था. वह अपने जीजा के भाई शिवा उर्फ सोनू सोय के साथ बाइक से किसी काम को लेकर सरायकेला आया हुआ था. लौटने के क्रम में खापरसाई गोविंदपुर पुलिया पर खरसावां की ओर से आ रहे ट्रैक्टर से बचने के चक्कर में अनियंत्रित होकर दोनों ही बाइक के साथ पुलिया से करीब 10 फीट नीचे संजय नदी में गिर गए. जिसमें शिवा उर्फ सोनू सोय को गंभीर चोटें आई, जबकि संजय नदी में बढ़े पानी में पत्थर से टकरा कर राजू मेलगांडी फंसा रहा गया.
खरसावां और सरायकेला पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर तकरीबन 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद राजू मेलगांडी की तलाश करने में सफलता हासिल की, जिसे सदर अस्पताल लाए जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. जबकि घायल शिवा उर्फ सोनू सोय का इलाज जारी है. बताते चलें कि संजय नदी पर खापरसाई गोविंदपुर की नयी पुलिया बरसों से बन कर तैयार है, परंतु पहुंच पथ का निर्माण नहीं हो पाने के कारण नवनिर्मित पुलिया आवागमन के लिए नहीं खोली गई है. इस कारण पुरानी निचली पुलिया से आवागमन के दौरान अक्सर दुर्घटनाएं घटती रहती हैं.

