सरायकेला/ Pramod Singh

स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरे प्रदेश में 6 से 10 जनवरी तक विशाल स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जा रहा है. इसके तहत सरायकेला जिले में 7 और 9 जनवरी को जिले के सभी प्रखंडों में स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाएगा. इस जानकारी को सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान साझा किया.
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मेले में सभी प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और साथ ही आयुष्मान कार्ड बनवाने की सुविधा भी दी जाएगी. इसके अलावा डिजिटल स्वास्थ्य सेवा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और सभी मरीजों को आभा पोर्टल से जोड़ा जाएगा.
स्वास्थ्य मेले में उपलब्ध सुविधाएं
स्वास्थ्य मेला में सामान्य चिकित्सा, बाल स्वास्थ्य, परिवार नियोजन परामर्श, मोतियाबिंद जांच, दंत चिकित्सा जांच, पोषण परामर्श, कुष्ठ नियंत्रण और मातृत्व स्वास्थ्य सहित कुल 28 प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी.
स्वास्थ्य मेला की तिथि एवं स्थान
7 जनवरी: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावां और आयुष्मान आरोग्य मंदिर कुकड़ू
9 जनवरी: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गम्हरिया, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांडिल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ईचागढ़ पातकुम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचाई, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नीमडीह और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीनी
सिविल सर्जन ने लोगों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य मेला में शामिल होकर अपनी स्वास्थ्य जांच कराएं और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं.
बाईट
सरयू प्रसाद (सिविल सर्जन- सरायकेला)

