सरायकेला: स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संविदा पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का रविवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने निरीक्षण किया. एनआर स्कूल, सरायकेला स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचकर उन्होंने परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया.


यह परीक्षा स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत स्टाफ नर्स, एएनएम, जीएनएम, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर (एसटीएस) समेत विभिन्न संविदा पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित की गई थी. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने कहा कि चयन प्रक्रिया की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी निगरानी, वीडियो रिकॉर्डिंग और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया. उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है.
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए योग्य और दक्ष मानव संसाधन का चयन आवश्यक है. पारदर्शी और मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया के माध्यम से बेहतर उम्मीदवारों का चयन कर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है.
परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराया गया. प्रशासन ने इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे.



