सरायकेला: पंचायती राज विभाग, जिला प्रशासन एवं जेआईटीएम स्किल प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वाधान में सरायकेला प्रखंड सभागार में अनुसूचित क्षेत्र की ग्राम सभा के अधिकार एवं जिम्मेदारी विषय पर दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय कार्यशाला की शुरुआत हुई. इस कार्यशाला में लगभग 100 पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्राम प्रधान शामिल हुए.

राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर रंजीत कुमार आचार्य द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा. उद्घाटन समारोह में सरायकेला अंचल अधिकारी हिम्मतलाल महतो, सीडीपीओ सुरुचि प्रसाद, राज्य स्तरीय मास्टर प्रशिक्षक रंजीत आचार्य, संगीता कुमारी एवं विधायक प्रतिनिधि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की.
इस प्रशिक्षण सह कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभा की भूमिका को स्पष्ट करना, प्रतिनिधियों को उनके संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा पारदर्शी एवं जनहितकारी विकास कार्यों को सुनिश्चित करना है. कार्यक्रम में पैसा (PESA) अधिनियम एवं अनुसूचित क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न प्रावधानों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई.

प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी दिखाते हुए ग्राम स्तर पर बेहतर कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई. कार्यशाला का संचालन प्रखंड समन्वयक गणेश महतो ने किया. इस अवसर पर जेआईटीएम संस्था से अमरजीत सिन्हा भी उपस्थित रहे.

