सरायकेला/ Pramod Singh गौड़ सेवा संघ की केंद्रीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को राजनगर के सिजुलता स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित हुई. बैठक में संगठन के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सह-सचिव के आकस्मिक निधन से रिक्त हुए पदों पर अंतरिम चयन किया गया. बायलॉज के अनुसार महासचिव पितोवास प्रधान को केंद्रीय अध्यक्ष बनाया गया. वहीं पश्चिमी सिंहभूम जिलाध्यक्ष भास्कर महाकुड़ को केंद्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई.

इसके अलावा हेमसागर प्रधान को उपाध्यक्ष तथा विजय प्रधान को सह-सचिव चुना गया. सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को स्टेयरिंग कमिटी के सदस्य मायाधर बेहरा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.
बैठक में स्टेयरिंग कमिटी के अध्यक्ष मारकंडो महाकुड़ ने कहा कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी संगठन के प्रति निष्ठा के साथ कार्य कर समाज के सर्वांगीण विकास में योगदान देंगे. नई टीम का कार्यकाल अगले अधिवेशन 2027 तक रहेगा. सभा में मायाधर बेहरा ने कहा कि नई टीम समाज को बेहतर ढंग से संगठित कर विकास की राह पर आगे बढ़ाएगी.
बैठक में चीनीवास प्रधान, हरेकृष्ण प्रधान, नेबु प्रधान, अशोक प्रधान, काशीनाथ प्रधान, पंकज प्रधान, अशोक गोप, नागेश्वर प्रधान, कृष्ण कुमार प्रधान, मुरली प्रधान, उमाकांत प्रधान, देवीदत्त प्रधान, अभिमन्यु गोप समेत कई सदस्य उपस्थित थे.
गौड़ भवन निर्माण और अधूरे कार्यों को पूरा करना प्राथमिकता: पितोवास प्रधान
केंद्रीय अध्यक्ष पितोवास प्रधान ने कहा कि स्टेयरिंग कमिटी के मार्गदर्शन में गौड़ भवन का निर्माण तथा लंबित कार्यों का समापन सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर को केंद्रीय समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे, जिसके बाद गौड़ जागरण रथ कार्यक्रम पुनः शुरू किया जाएगा.
समाज को एकजुट कर सभी वर्गों का विकास करेंगे: भास्कर महाकुड़
केंद्रीय महासचिव भास्कर महाकुड़ ने कहा कि समाज को संगठित करना और हर वर्ग का विकास सुनिश्चित करना उनकी मुख्य जिम्मेदारी होगी. उन्होंने कहा कि सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों को तेज़ किया जाएगा.
सबके सहयोग से समाज को नई दिशा देंगे: हेमसागर प्रधान
नवनियुक्त उपाध्यक्ष हेमसागर प्रधान ने कहा कि सामूहिक सहयोग से समाज को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा.
शिक्षा समाज विकास का आधार, इस क्षेत्र में विशेष कार्य करूंगा: विजय प्रधान
सह सचिव विजय प्रधान ने कहा कि शिक्षा समाज विकास का मूल आधार है और वे इसी क्षेत्र में विशेष योगदान देंगे.

