सरायकेला: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए. इस अवसर पर उन्होंने लोगों से गांधी और शास्त्री के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया.


कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों के बीच कपड़े के थैलों का वितरण किया गया. मनोज चौधरी ने प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और दैनिक जीवन में कपड़े के थैलों को अपनाने की अपील की.

मनोज चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के बल पर देश को आजादी की राह दिखाई. उनके विचार आज भी दुनिया को शांति, सद्भाव और मानवता का संदेश देते हैं. वहीं लाल बहादुर शास्त्री सादगी, ईमानदारी, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण के प्रतीक थे. उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देश की सुरक्षा और समृद्धि में जवानों तथा किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है.
उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन यह संदेश देता है कि देशभक्ति केवल शब्दों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि अपने कर्म और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने में भी दिखाई देनी चाहिए.
कपड़े का थैला अपनाएं, प्लास्टिक से बनाएं दूरी
मनोज चौधरी ने कहा कि गांधीजी का स्वच्छता और आत्मनिर्भरता का संदेश आज भी प्रासंगिक है. प्लास्टिक का बढ़ता उपयोग पर्यावरण के लिए चुनौती बन रहा है. प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े के थैलों का उपयोग करे. छोटी-छोटी पहल से ही स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त सरायकेला बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है.
उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री जयंती केवल माल्यार्पण और श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहनी चाहिए. स्वच्छता अपनाकर, पर्यावरण की रक्षा कर और समाज के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करके ही दोनों महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है. कार्यक्रम में नगर पंचायत के वार्ड पार्षदों के साथ पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
प्रमोद सिंह (संपादक)

