सरायकेला/ Pramod Singh आयुष विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए नि:शुल्क वयोवृद्ध स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर का उद्घाटन नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने किया. शिविर में बड़ी संख्या में बुजुर्गों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच कराई.

शिविर के दौरान बुजुर्गों का ब्लड प्रेशर, शुगर और बीएमआई की जांच की गई. साथ ही आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक चिकित्सकों द्वारा परामर्श दिया गया. जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं. इसके अलावा योग, प्राणायाम और संतुलित आहार संबंधी सुझाव भी दिए गए.
मुख्य अतिथि मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि आयुर्वेद और होम्योपैथी भारत की प्राचीन और प्रभावी चिकित्सा पद्धतियां हैं, जो कई बीमारियों के उपचार में सहायक हैं. उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर बुजुर्गों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी हैं.
शिविर में उपस्थित लोगों ने आयुष विभाग के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की.

