आदित्यपुर: त्योहारों के मद्देनज़र सरायकेला- खरसावां जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को सख्त कार्रवाई की है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने आदित्यपुर के शेरे पंजाब चौक, इमली चौक और गम्हरिया क्षेत्र स्थित विभिन्न मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान पनीर, खोवा, दूध से बनी मिठाइयों, लड्डू, बूंदिया, चाट और समोसे में प्रयुक्त मसालों की गुणवत्ता की जांच की गई. जांच में पाया गया कि कुछ दुकानों में समोसा मसाला पैकेटों पर उचित लेबल नहीं थे, जिसके चलते कुल 30 पैकेट मसाला मौके पर ही नष्ट कराए गए. साथ ही दुकानदारों को निर्देश दिया गया कि अखबार में लपेटकर खाद्य सामग्री न बेचें.
निरीक्षण के दौरान उपलब्ध सभी अखबार निर्मित पैकेटों को भी नष्ट किया गया. दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसा पाए जाने पर उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. दो दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला भेजा गया है.
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले में त्योहारों को देखते हुए औचक निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा. आम जनता से अपील की गई है कि यदि किसी दुकान में अस्वच्छ या मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की जा रही हो तो उसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन या खाद्य सुरक्षा विभाग को दें.

