सरायकेला: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर उत्पाद विभाग रेस है. गुरुवार को गुप्त सूचना पर गम्हरिया थाना क्षेत्र के गंजिया बैराज के समीप, ज्योति भट्ठा के पास स्थित जंगली और वीरान क्षेत्र में बने अस्थायी ढांचे पर छापेमारी की गई.

छापेमारी के दौरान अवैध विदेशी शराब विनिर्माण केंद्र का उद्भेदन हुआ. मौके से भारी मात्रा में विदेशी शराब निर्माण और पैकेजिंग में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई, जिनमें स्पिरिट, तैयार तरल रंगीन शराब, विभिन्न ब्रांडों की खाली बोतलें, ढक्कन, बोतल सील करने हेतु कॉर्क, नकली लेबल, आसंजक पदार्थ और शराब में रंग व स्वाद देने के लिए कैरामेल शामिल थे. इसके अलावा मैकडॉवेल, रॉयल स्टैग, स्टर्लिंग रिज़र्व, रॉयल चैलेंज और आइकॉनिक जैसी ब्रांडों की बोतलबंद शराब भी पेटियों में मिली.
कार्रवाई में कुल 200 लीटर स्पिरिट, लगभग 50 लीटर अवैध विदेशी शराब और 2 लीटर कैरामेल जब्त किया गया. साथ ही बड़ी मात्रा में खाली बोतलें, ढक्कन, लेबल और कॉर्क भी बरामद किए गए.
अवैध विदेशी शराब निर्माण में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है. इस संबंध में उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किए जा रहे हैं. उत्पाद अधीक्षक सौरभ तिवारी ने बताया कि आगामी नए साल को देखते हुए उपायुक्त के निर्देश पर अवैध शराब के खरीद- फरोख्त एवं भंडारण के विरुद्ध यह अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा.
छापेमारी दल में सरायकेला उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार एवं प्रतिनियुक्त जवान, उत्पाद विभाग, पूर्वी सिंहभूम के निरीक्षक प्रेम प्रकाश उरांव, उप निरीक्षक रामदास भगत, अवर निरीक्षक ओम प्रकाश, अवर निरीक्षक रामदेव पासवान, गम्हरिया थाना प्रभारी रामचन्द्र रजक और उनकी पूरी टीम मौजूद रही.सरायकेला: गम्हरिया के गांजिया में चल रहा था मिनी शराब फैक्ट्री, उत्पाद विभाग ने की बड़ी कार्रवाई

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
