सरायकेला: अवैध शराब की भट्ठियों के खिलाफ उत्पाद विभाग रेस है. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक सौरभ तिवारी के पर्यवेक्षण में उत्पाद विभाग अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. इसी कड़ी टीम ने गुरुवार को आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बास्को नगर में छापेमारी की. प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में राशन दुकान एवं झोपड़ी से कुल 45.00 लीटर अवैध महुआ शराब तथा 10.38 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई.

बरामद शराब को विधि सम्मत रूप से जब्त कर लिया गया है. साथ ही छापेमारी के दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामचंद्र लोहार और जगदीश लोहार के रूप में की गई है. दोनों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.
उत्पाद अधीक्षक सौरभ तिवारी ने बताया कि जिले में अवैध मद्य निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध उत्पाद विभाग द्वारा निरंतर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. विभाग के इस कार्रवाई के बाद शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है.

