सरायकेला/ Pramod Singh शिक्षाविद सह समाजसेवी अलोक दास ने बिजली विभाग से मांग की है कि प्रत्येक माह निर्धारित समय पर उपभोक्ताओं को बिजली बिल उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने इस गंभीर समस्या की ओर विभाग का ध्यान आकर्षित किया है. आलोक दास ने कहा कि निजी हो या कॉमर्शियल कनेक्शन, यदि हर महीने नियमित रूप से बिल नहीं दिया जाता है तो कई महीनों का बिल एक साथ थमा दिया जाता है. इससे आम उपभोक्ताओं को 5 हजार से 20 हजार रुपये तक का भारी- भरकम बिल मिल रहा है. इतनी बड़ी राशि एकमुश्त जमा करना अधिकांश लोगों के लिए मुश्किल साबित हो रहा है.

उन्होंने कहा कि समय पर बिल नहीं मिलने से बकाया राशि बढ़ती जाती है. बाद में विभाग की ओर से भुगतान का दबाव बनाया जाता है. बिल जमा नहीं होने पर बिजली आपूर्ति भी काट दी जाती है. यह स्थिति आम जनता के साथ अन्याय के समान है. विभाग को चाहिए कि इस समस्या का जल्द समाधान करे.
आलोक दास ने यह भी मांग की कि गर्मी का मौसम शुरू होने से पहले पुराने ट्रांसफार्मरों और जर्जर तारों का निरीक्षण कर उन्हें बदला जाए. ताकि भीषण गर्मी में बिजली बाधित न हो और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े. उन्होंने कहा कि समय रहते समस्याओं का समाधान करना ही विभाग और जनता के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण है.

