सरायकेला: समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे.

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ- साथ विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने पर जोर दिया. ई- विद्यावाहिनी पोर्टल के माध्यम से बायोमेट्रिक उपस्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी शिक्षकों की 100 प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने चेतावनी दी कि बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले शिक्षकों के वेतन पर रोक लगाई जाएगी.
विद्यालयों के जर्जर भवनों को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने कहा कि जिन स्कूल भवनों की स्थिति खराब है, उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर पठन- पाठन जारी रखा जाए. साथ ही ऐसे भवनों की सूची तैयार कर जिला मुख्यालय को भेजने को कहा गया, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके.
इसके अलावा पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और खेल सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए. बैठक में छात्रों की कम उपस्थिति वाले प्रखंडों में जिम्मेदारी तय कर सुधार लाने पर भी जोर दिया गया.
जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी.
अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को नियमित विद्यालय निरीक्षण करने, विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

