सरायकेला: सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के पालन को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो के नेतृत्व में मंगलवार को कांड्रा क्षेत्र में वाहनों की विशेष जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान परिवहन विभाग की टीम ने ऑटो और दोपहिया चालकों के वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, फिटनेस एवं प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) की जांच की.

जांच के क्रम में कई ऑटो चालकों द्वारा निर्धारित सीट क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने की पुष्टि होने पर उन पर जुर्माना लगाया गया. साथ ही उन्हें भविष्य में लापरवाही नहीं दोहराने की चेतावनी दी गई.

जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने चालकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें. उन्होंने बताया कि अवैध वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और नियम उल्लंघन करने वालों पर मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.
श्री महतो ने चालकों को निर्देश दिया कि वे हमेशा अपने वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज़ साथ रखें. दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें. चारपहिया में सीट बेल्ट का उपयोग करें. किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग न करें. साथ ही स्कूल वाहन चालकों को गति सीमा का पालन करने की हिदायत दी गई.

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है. प्रत्येक नागरिक को अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करना चाहिए.

