सरायकेला: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स (DMFT) की बैठक आयोजित की गई. इसमें पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के अलावा सभी सीओ एवं थाना प्रभारी प्रभारी मौजूद रहे. बैठक में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश दिए गए.

उपायुक्त ने कहा कि सस्टेनेबल सैंड माइनिंग गाइडलाइन- 2016 और माननीय NGT के दिशा- निर्देशों के आलोक में 10 जून से 15 अक्टूबर तक बालू के उत्खनन पर पूर्णतः रोक है. उन्होंने निर्देश दिया कि अवैध खनन में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.
अवैध खनन पर निगरानी के लिए CCTV की व्यवस्था.
जिला खनन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि मिलन चौक और तिरूलडीह जैसे संवेदनशील स्थानों पर CCTV के माध्यम से अवैध खनन एवं परिवहन की निगरानी की जा रही है. उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि अवैध खनन से संबंधित जानकारी देने के लिए जारी टोल फ्री नंबर- 18003456490 का ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार- प्रसार किया जाए. पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने कहा कि यदि अवैध बालू एवं पत्थर उठाव से संबंधित कोई सूचना प्राप्त होती है, तो अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं अन्य तैयारी के साथ पूरी गोपनीयता में छापा मार कार्रवाई करें और संलिप्त व्यक्ति, वाहन एवं सामग्री को जब्त कर नियमसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करें.
बैठक में लिए गए अन्य निर्णय.
अवैध खनन में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभावित क्षेत्रों में अस्थायी चेकनाका बनाकर वाहनों की नियमित जांच की जाएगी.
वन क्षेत्रों से गुजरने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.
अवैध खनन से संबंधित जानकारी देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
पुल- पुलिया और नदी किनारे से बालू उठाव पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए.

