सरायकेला/ Pramod Singh उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वर्ष 2025- 26 के लिए जिला योजना (अनाबद्ध निधि) के अंतर्गत प्रस्तावित योजनाओं के चयन और प्राथमिकता निर्धारण हेतु शुक्रवार को एक बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला स्तरीय विभागीय पदाधिकारियों ने विभागवार योजनाओं से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत किए.

उपायुक्त ने कहा कि प्रस्तावित योजनाओं का उद्देश्य स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, अधोसंरचना विकास और लोकहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है. उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप यथार्थपरक और परिणामपरक योजनाएं प्रस्तावित करें.
सामाजिक समावेशन को प्राथमिकता
उपायुक्त ने कहा कि योजनाओं के चयन में सामाजिक समावेशन, महिला सशक्तिकरण, आदिवासी और वंचित वर्गों के उत्थान तथा सतत विकास के सिद्धांतों को प्राथमिकता दी जाए. बैठक में जिला योजना कार्यालय द्वारा गत वर्षों में क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा भी की गई और उनके अनुभवों के आधार पर आगामी योजनाओं की प्रभावशीलता बढ़ाने के सुझाव दिए गए.
बैठक में उपस्थित पदाधिकारी
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, निदेशक डीआरडीए- सह- जिला योजना पदाधिकारी डॉ अजय तिर्की, अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर रवि प्रकाश समेत विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

