सरायकेला: उपायुक्त के निर्देश पर शनिवार को सामाजिक सुरक्षा कोषांग के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा सरायकेला प्रखंड अंतर्गत पठानमारा एवं ईटाकुदर पंचायत में शीतलहर और अत्यधिक ठंड को देखते हुए कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा श्रीमती निवेदिता राय, प्रखंड विकास पदाधिकारी सरायकेला तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही.

कार्यक्रम के दौरान दोनों पंचायतों में चयनित 50- 50 लाभुकों के बीच कंबलों का वितरण किया गया. कंबल वितरण का उद्देश्य शीतकाल में जरूरतमंद, वृद्ध, दिव्यांग और असहाय लोगों को ठंड से राहत प्रदान करना तथा उन्हें शीतजनित बीमारियों से सुरक्षित रखना है. लाभुकों ने जिला प्रशासन की इस पहल पर संतोष और आभार व्यक्त किया.
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने लाभुकों को ठंड के मौसम में आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी.
उन्होंने पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने, अनावश्यक रूप से खुले में निकलने से बचने, अलाव या अन्य सुरक्षित ऊष्मा स्रोतों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की.
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सरायकेला, स्थानीय मुखिया, वार्ड पार्षद, पंचायत समिति सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पंचायत स्तर के कर्मी उपस्थित रहे. सभी के सहयोग से कंबल वितरण कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया.

