सरायकेला: सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सहकारिता विभाग की योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में DDM NABARD, जिला सहकारिता पदाधिकारी, कृषि पदाधिकारी, मत्स्य पदाधिकारी, GMDIC सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

बैठक में उपायुक्त ने लैंप्स की वर्तमान स्थिति, समितियों की कार्यशीलता, गोदाम निर्माण के लिए चिन्हित भूमि, सहकारी समितियों के अंकेक्षण, बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के आवेदनों की प्रखंडवार समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि रबी फसल के अच्छादन में सुधार के लिए विशेष प्रयास हों. उपायुक्त ने कहा कि सहकारिता योजनाओं का व्यापक प्रचार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लाभुक आवेदन कर लाभ उठा सकें. उन्होंने पंचायत स्तर तक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया. साथ ही सिदो- कान्हू कृषि वनोपज योजना की समीक्षा करते हुए बेर, कटहल, पपीता, तरबूज जैसे बहुविकल्पीय फसलों के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने की बात कही.
अंत में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन की सघन निगरानी की जाए. नियमित क्षेत्रीय भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है.

