सरायकेला: जिले के नगर निकाय क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति, कचरा उठाव, साफ- सफाई, सड़क, नाली, जल निकासी और पार्किंग सहित नागरिक सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. जिला दंडाधिकारी- सह- उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद और सरायकेला नगर पंचायत में संचालित योजनाओं एवं नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की गई.


बैठक में उपायुक्त ने पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली और लंबित कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार काम में तेजी लाने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
हर घर नियमित पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में पेयजलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं और संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी घरों को नल-जल योजना से जोड़ते हुए नियमित और सुगम पेयजलापूर्ति सुनिश्चित की जाए.
पेयजलापूर्ति से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर समस्या या तकनीकी बाधा आने पर संबंधित विभाग और कार्यदायी एजेंसी आपसी समन्वय से उसका शीघ्र समाधान करें.
कचरा उठाव में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
नगर निकाय क्षेत्रों में कचरा उठाव, डंपिंग और साफ- सफाई की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने नियमित कचरा उठाव और निर्धारित स्थल पर डंपिंग सुनिश्चित करने के साथ साफ-सफाई के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुसार काम करने का निर्देश दिया.
आदित्यपुर में कचरा उठाव से संबंधित शिकायतों पर विशेष निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि नगर निगम की ओर से उपलब्ध कराए गए सभी 32 कचरा उठाव वाहनों को नियमित रूप से क्षेत्र में चलाया जाए. मरम्मत या रखरखाव के कारण जो वाहन खड़े हैं, उन्हें जल्द दुरुस्त कर सेवा में लगाया जाए.
नगर आयुक्त को सभी वाहनों की जीपीएस के माध्यम से नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया. यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि वाहन निर्धारित मार्ग और कार्ययोजना के अनुसार ही संचालित हों. किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
गैस पाइपलाइन से जुड़ी शिकायतों का होगा समाधान
आदित्यपुर क्षेत्र में गेल गैस और जुडको की पाइपलाइन से संबंधित शिकायतों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ वर्तमान समस्याओं का तत्काल समाधान करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि भविष्य में दूसरे क्षेत्रों में भी इस तरह की समस्याएं उत्पन्न न हों, इसके लिए पहले से आवश्यक समन्वय और तैयारी सुनिश्चित की जाए.
अवैध पार्किंग पर सख्ती, औचक निरीक्षण के निर्देश
शहरी क्षेत्रों में अवैध पार्किंग की स्थिति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया. मुख्य सड़कों और चौक-चौराहों पर अवैध रूप से वाहन खड़े किए जाने की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया. उपायुक्त ने चिन्हित स्थानों पर नियमित निगरानी के साथ औचक निरीक्षण अभियान चलाने पर भी जोर दिया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू और व्यवस्थित बनी रहे.
प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की प्रगति की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने योजना के सभी पात्र लाभुकों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने ऐसे लाभुकों की सूची जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने को कहा, जिनके आवास स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन ऋण अथवा आवास निर्माण की प्रक्रिया किसी कारण से लंबित है. उन्होंने लंबित मामलों के कारणों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
नागरिक शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसियों को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण काम सुनिश्चित करने को कहा. नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और जरूरत पड़ने पर स्थल निरीक्षण कर समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया. उन्होंने पेयजल, बिजली, कचरा उठाव और डंपिंग, साफ-सफाई, नाली एवं जल निकासी, सड़क और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं की नियमित समीक्षा और निगरानी करने को कहा. साथ ही अधिकारियों को औचक निरीक्षण के माध्यम से जमीनी स्थिति का आकलन करने तथा निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने कहा कि नगर निकाय क्षेत्रों में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. सभी विभाग और कार्यदायी एजेंसियां आपसी समन्वय से काम करें और लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें, ताकि सरकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं का वास्तविक लाभ आम लोगों तक पहुंच सके.
ये रहे मौजूद
बैठक में नगर आयुक्त आदित्यपुर नगर निगम एजाज अनवर, नगर परिषद कपाली एवं नगर पंचायत सरायकेला के कार्यपालक पदाधिकारी, विद्युत प्रमंडल सरायकेला-आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल सरायकेला-आदित्यपुर के सहायक अभियंता, नगर प्रबंधक, नगर निकायों के अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.

