सरायकेला/ Pramod Singh पड़ोसी जिला पूर्वी सिंहभूम में मंगलवार को दो मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए जाने के बाद सरायकेला- खरसावां जिला अलर्ट मोड पर आ गया है. स्वास्थ्य विभाग की टीम जिले के अलग- अलग क्षेत्रों में लार्वा की जांच और लोगों को जागरूक करने का अभियान चला रही है.

सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने बताया कि डेंगू मच्छर जनित बीमारी है और इसके मच्छर साफ पानी में पनपते हैं. लोगों से अपील की गई है कि वे अपने कूलर, पौधों के गमले, पुराने टायर और नारियल के खोल में पानी जमा न होने दें.

उन्होंने कहा कि डेंगू का असर शहरी क्षेत्रों में अधिक होता है. जिले के तीन नगर क्षेत्रों में नगर निगम के सहयोग से जांच और आवश्यकता पड़ने पर फॉगिंग भी कराई जा रही है.
डॉ. सिंह ने बताया कि अब सदर अस्पताल सरायकेला में डेंगू की जांच की सुविधा उपलब्ध है. पहले डेंगू जांच के लिए मरीजों का ब्लड सैंपल पश्चिमी सिंहभूम या पूर्वी सिंहभूम भेजा जाता था. फिलहाल सरायकेला- खरसावां जिले में डेंगू का कोई मरीज नहीं मिला है, लेकिन एहतियातन स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार जांच और जागरूकता अभियान चला रही है.

