सरायकेला: समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा की अध्यक्षता में धान अधिप्राप्ति से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी रौशन नीलकमल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में जिले में धान अधिप्राप्ति की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई. अब तक जिले के 742 किसानों द्वारा कुल 42,089.02 क्विंटल धान की बिक्री की जा चुकी है. जिले में कुल 6,191 पंजीकृत किसान हैं, जिनमें से 447 किसानों को धान विक्रय की राशि का भुगतान किया जा चुका है, जबकि शेष किसानों का भुगतान प्रक्रियाधीन है.
समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने धान अधिप्राप्ति केंद्रों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के पंजीकरण की संख्या बढ़ाई जाए, अधिप्राप्ति केंद्रों से समय पर धान का उठाव सुनिश्चित किया जाए और एडवांस सीएमआर (Custom Milled Rice) की नियत समय-सीमा के भीतर जनरेशन एवं प्राप्ति की प्रक्रिया पूरी की जाए.
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि धान विक्रय के उपरांत किसानों को देय राशि का भुगतान नियमानुसार त्वरित और सुचारु रूप से किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने सभी अधिकारियों को पारदर्शिता बनाए रखते हुए दस्तावेजों का समयबद्ध संधारण, डेटा अद्यतन और नियमित अनुश्रवण के माध्यम से धान अधिप्राप्ति कार्य का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए.
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि धान अधिप्राप्ति कार्य में किसानों के हित सर्वोपरि हैं और राज्य सरकार के दिशा- निर्देशों के अनुरूप सभी प्रक्रियाओं का सख्ती से अनुपालन किया जाएगा.

